: फेड रिजर्व के निर्णय का बाजार पर रहेगा असर
Sun, Sep 17, 2023
मुंबई.
अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़े से हुई दमदार लिवाली की बदौलत बीते सप्ताह करीब दो प्रतिशत की तेजी में रहे घरेलू शेयर पर अगले सप्ताह अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दर को लेकर होने वाले निर्णय का असर रहेगा। बीते सप्ताह बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1239.72 अंक अर्थात 1.9 प्रतिशत की छलांग लगाकर सप्ताहांत पर 67838.63 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 372.4 अंक यानी 1.9 प्रतिशत उछलकर पहली बार 20 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 20192.35 अंक पर रहा।समीक्षाधीन सप्ताह में दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में बिकवाली हुई। इससे बीएसई का मिडकैप 166.63 अंक की गिरावट लेकर सप्ताहांत पर 32505.37 अंक पर रहा। इसी तरह स्मॉलकैप 437.97 अंक लुढ़ककर 37828.56 अंक पर आ गया। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर जुलाई में औद्यागिक उत्पादन बढ़ने और अगस्त में खुदरा महंगाई घटने से निवेशक खासे उत्साहित रहे। इससे दमदार लिवाली की बदौलत बीते सप्ताह बाजार गुलजार रहा। इसका असर बाजार पर आगे भी बरकरार रहेगा।वैश्विक स्तर पर अगले सप्ताह 19 और 20 सितंबर को अमेरिकी फेड रिजर्व की ओपन मार्केट कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में ब्याज दरों पर होने वाले निर्णय की अगले सप्ताह बाजार को दिशा देने में अहम भूमिका रहेगी। इसके साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश प्रवाह, डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमत भी बाजार का रुख तय करने वाले महत्वपूर्ण कारक होंगे। बीते सप्ताह बाजार में सभी पांच दिन तेजी रही। बैंक ऑफ जापान के नकारात्मक ब्याज दरों के दौर से बाहर निकलने के संकेत के बाद वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत सोमवार को सेंसेक्स 528.17 अंक की छलांग लगाकर 67127.08 अंक और निफ्टी 176.40 अंक उछलकर 19996.35 अंक पर रहा। विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर लिवाली होने से मंगलवार को सेंसेक्स 94.05 अंक चढ़कर 67221.13 अंक पर पहुंचा जबकि निफ्टी 3.15 अंक फिसलकर 19993.20 अंक पर सपाट रहा।विदेशी बाजारों में गिरावट के बावजूद स्थानीय स्तर पर जुलाई में औद्यागिक उत्पादन बढ़ने और अगस्त में खुदरा महंगाई घटने से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत बुधवार को सेंसेक्स 245.86 अंक की तेजी लेकर 67466.99 अंक और निफ्टी 76.80 अंक मजबूत होकर पहली बार 20 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 20070 अंक पर रहा। विदेशी बाजारों के सकारात्मक रुख के प्रभाव से स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत गुरुवार को सेंसेक्स 52.01 अंक की बढ़त लेकर 67519 अंक और निफ्टी 33.10 अंक चढ़कर 20103.10 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह दुनिया के सबसे बड़े केंद्रीय बैंक के दरों में वृद्धि के लंबे चक्र को समाप्त करने के करीब पहुंचने के संकेत से विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर सीडी, वित्तीय सेवाएं, आईटी, दूरसंचार और टेक समेत दस समूहों में हुई लिवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स 319.63 अंक की छलांग लगाकर 67838.63 अंक और निफ्टी 89.25 अंक की तेजी लेकर 20192.35 अंक पर रहा।
: टाटा ग्रुप का ब्रिटेन में बड़ा कारोबार, सुनक सरकार के साथ हुई बड़ी डील
Sat, Sep 16, 2023
मुंबई
टाटा ग्रुप (Tata Group) का पूरी दुनिया में कारोबार है. खासकर स्टील सेगमेंट में टाटा ग्रुप ने ब्रिटेन में अपना बिजनेस फैला रखा है. अब टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील (Tata Steel) ने ब्रिटिश सरकार के साथ बड़ी डील की है.दरअसल, कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए ब्रिटेन की ऋषि सुनक (Rishi Sunak) सरकार ने टाटा स्टील को 50 करोड़ पाउंड (करीब 5,150 करोड़ रुपये) का ग्रांट देने का ऐलान किया है. ब्रिटिश सरकार ने टाटा स्टील के प्लांट से कार्बन उत्सर्जन कम करने के
लिए ये ग्रांट दिया है. कंपनी ने 15 सितंबर को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी.
कई दौर की हुईं बैठकें
बता दें, टाटा स्टील का यह प्लांट साउथ वेल्स के पोर्ट टैलबोट (Port Talbot Plant) में है. इस मुद्दे पर सहमति को लेकर पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही थी. अब जाकर दोनों में सहमति बन गई है. दरअसल यह प्लांट बंद होने के कगार पर था.लेकिन अब टाटा स्टील और ब्रिटिश सरकार ने संयुक्त रूप से 1.25 अरब पाउंड के निवेश के साथ पोर्ट टैलबोट साइट पर हाईटेक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस स्टील प्लांट लगाने का ऐलान किया है, जिसमें 50 करोड़ पाउंड का सरकारी ग्रांट भी शामिल है. ये पैसा सुनक सरकार दे रही है.हालांकि इस मसले को लेकर जब बातचीत शुरू हुई थी, तब टाटा स्टील ने इस प्रोजेक्ट के लिए ब्रिटिश सरकार से बड़ी राशि की मांग की थी. लेकिन अब संयुक्त समझौता 1.25 अरब पाउंड के निवेश पर हो गया है. इस प्लांट के बंद होने से करीब 3000 नौकरियां खतरे में आ जातीं.
नए जॉब के भी अवसर बनेंगे
इस समझौते पर टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, 'ब्रिटेन सरकार के साथ हुई ये डील स्टील इंडस्ट्री के भविष्य के साथ-साथ ब्रिटेन की इंडस्ट्रियल वैल्यू चेन के लिए भी काफी सकारात्मक है. यह प्रस्तावित निवेश हजारों लोगों की नौकरियों को बचाए रखेगा और साउथ वेल्स में ग्रीन टेक्नोलॉजी आधिरत इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम के ग्रोथ के लिए एक शानदार मौका पेश करेगा.'इस समझौते के बाद अब उसे लागू करने पर टाटा स्टील का फोकस रहेगा. टाटा स्टील ने बताया कि अभी प्रोजेक्ट को लेकर तमाम जानकारियां जुटानी होगी. इसके अलावा सभी जरूरी मंजूरियों और सर्टिफिकेट मिलने के बाद यह प्रोजेक्ट 36 महीने के भीतर चालू हो सकता है.इस बीच शुक्रवार को टाटा स्टील के शेयर 0.38 फीसदी की बढ़त के साथ 132.20 रुपये के भाव पर बंद हुए. पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 14.01 फीसदी की तेजी आई है. वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव करीब 25.07 फीसदी बढ़ा है.
: बाजार नए रिकॉर्ड स्तरों पर खुला, निफ्टी पहली बार 20110 पर
Tue, Sep 12, 2023
नई दिल्ली
शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार 8वें दिन तेजी दर्ज की जा रही। बाजार के प्रमुख इंडेक्स नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। NSE निफ्टी पहली बार 20100 के पार खुला। BSE सेंसेक्स भी 67539 तक पहुंचा।
रिकॉर्ड हाई पर बाजार
बाजार की तेजी में L&T का शेयर करीब 3.5 फीसदी की मजबूती के साथ टॉप गेनर है जबकि FMCG स्टॉक्स में बिकवाली से HUL और नेस्ले के शेयर टॉप लूजर हैं। इससे पहले भारतीय बाजार सोमवार को नए रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए थे। Nifty पहली बार 19996 और सेंसेक्स 67,127 पर बंद हुए।