: जॉन विक उर्फ कीनू रीव्स के घर चोरी
Sun, Dec 10, 2023
मुंबई
हॉलीवुड एक्टर कीनू रीव्स के लॉस एंजिलिस स्थित घर में हाल ही में कुछ अज्ञात चोर घुस आए। हैरानी की बात ये रही कि खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए चोरों ने घर से सिर्फ बंदूक चुराई हैं। सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर लॉस एंजिलिस पुलिस डिपार्टमेंट को खिड़की तोड़कर घर में घुसते चोर नजर आए हैं। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने मास्क लगाया हुआ था। हॉलीवुड न्यूज पोर्टल के मुताबिक, ये घटना 6 दिसंबर देर रात की है।
सबसे पहले पुलिस डिपार्टमेंट के पास एक अज्ञात कॉलर का कॉल आया था। कॉलर ने अपनी पहचान उजागर किए बिना बताया कि कुछ लोग कीनू रीव्स के लॉस एंजिलिस स्थित घर में गैरकानूनी तरीके से घुसने की कोशिश कर रहे हैं। जब पुलिस पहुंची तो उनके घर के बाहर कोई नहीं था। पुलिस लौट गई, लेकिन देर रात करीब 1 बजे उन्हें कीनू के घर से सिक्योरिटी अलार्म की आवाज आई। पुलिस पहुंची तो वो बदमाश फरार हो चुके थे। जांच में पाया गया कि चोर घर की खिड़कियां तोड़कर घर में घुसे थे। जिस वक्त घर में बदमाश घुसे थे उस समय कीनू रीव्स घर पर नहीं थे। लॉस एंजिलिस पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों और कॉल करने वाले अज्ञात युवक को ढूंढना शुरू कर दिया है। साल 2014 में कीनू रीव्स के घर देर रात एक अज्ञात महिला घुस आई थी। घटना के वक्त कीनू अपने घर में सो रहे थे। आहट सुनकर कीनू नीचे पहुंचे तो देखा एक महिला उनकी लाइब्रेरी में थी।
कीनू ने कुछ समय तक उस महिला से बात की और फिर 911 पर कॉल कर पुलिस डिपार्टमेंट को बुलाया। इसी साल कीनू रीव्स के घर में एक महिला अचानक घुस आई। कीनू घर पर ही थे। वो महिला बेझिझक घर में घुसी, शावर इस्तेमाल किया और फिर पूल में चली गई। सफाई करने वाले कर्मचारी ने महिला की सूचना पहले कीनू को दी और फिर कीनू ने पुलिस को सूचित कर उस महिला से छुटकारा पाया था। बताते चलें कि कीनू रीव्स हॉलीवुड फिल्म सीरीज जॉन विक के लिए जाने जाते हैं। इस सीरीज की चौथी फिल्म जॉन विक 4 इसी साल रिलीज हुई है। 440 मिलियन डॉलर कमाई कर ये जॉन विक फ्रैंचाइजी की सबसे कामयाब फिल्म बन चुकी है। अब कीनू रीव्स जल्द ही फिल्म बैलेरीना में नजर आएंगे, जो 2024 में रिलीज होगी।
: साल में एक बार जंगल में समय बिताते हैं विद्युत
Sun, Dec 10, 2023
मुंबई
विद्युत जामवाल आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। तीन साल की उम्र से मार्शल आर्ट सीखने वाले विद्युत आज 25 से ज्यादा देशों में लाइव एक्शन शो कर चुके हैं। बॉलीवुड में एक्शन हीरो और बॉडी बिल्डर्स में उनका नाम सबसे पहले लिया जाता है। कमांडो फ्रेंचाइजी, फोर्स, बुलेट राजा, बादशाहों और हाल ही में रिलीज हुई फिल्म कइ71 में नजर आने वाले विद्युत जामवाल ने अभी तक 25 फिल्मों में काम किया है। विद्युत को जंगली जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों से काफी लगाव है, इसलिए साल में एक बार वो जंगल में दुनिया से दूर कुछ समय बिताते हैं। विद्युत अपनी फिल्मों में खुद ही स्टंट करते हैं, इसलिए इनकी फिल्मों में बॉडी डबल नहीं होते। विद्युत की पहली बॉलीवुड फिल्म फोर्स थी, जिसमें इनकी बॉडी देख लोग जॉन अब्राहम को भी भूल गए थे।
विद्युत की फिल्मों में बॉडी डबल का यूज नहीं होता
विद्युत ने अपने दम पर इंडस्ट्री में नाम बनाया है। इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं है। वो अपनी फिल्मों में खुद ही एक्शन सीन्स किया करते हैं। उनकी फिल्मों में बॉडी डबल का यूज नहीं होता। सोशल मीडिया पर विद्युत के कई वीडियोज वायरल होते हैं, जिसमें वो बड़ी-बड़ी बिल्डिंग से छलांग लगाते देखे जाते हैं। विद्युत का जन्म 10 दिसंबर 1980 को जम्मू में हुआ था। उनकी जड़े जम्मू के राजपूत परिवार से जुड़ी हुई हैं। उनके पिता एक आर्मी आफिसर थे। उनके पिता का एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर होते रहता था। इसी वजह से विद्युत का बचपन एक जगह नहीं बीता।
विद्युत एक जगह से दूसरी जगह ट्रैवल करते थे, इसकी वजह से उन्हें कई सारी भाषाएं आने लगीं। विद्युत ने करियर की शुरूआत 1996 में बतौर मॉडल की थी। उन्होंने एक दोस्त की सलाह पर एक्शन सीक्वेंसेज की शो रील बनाई। उसे साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कैमरामैन समीर रेड्डी तक पहुंचाया। वहां से उन्हें साउथ की एक फिल्म में छोटा सा रोल मिल गया। फिल्म तो नहीं चली लेकिन काम मिलने लगा। फिर उन्हें तेलुगु फिल्म सख्ती से पहला मेजर ब्रेक मिला। हालांकि 2012 तक उन्हें वो पहचान नहीं मिल पाई, जिसके वो हकदार थे। बॉलीवुड में उनके नाम की चर्चा फिल्म 'फोर्स' के आने के बाद हुई। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद भी विद्युत मार्शल आर्ट से जुड़े रहे। 2011 में वो एक मार्शल आर्ट कॉम्पिटिशन के लिए मुंबई आए थे। इस कॉम्पिटिशन की तैयारी जिस कैंप में चल रही थी, उसी के नजदीक डायरेक्टर निशिकांत कामत की फिल्म फोर्स के लिए आडिशन चल रहा था। इस फिल्म में एक ऐसे शख्स की जरूरत थी, जो मार्शल आर्ट में निपुण हो। दोस्त की सलाह पर विद्युत फिल्म का आडिशन देने गए और सिलेक्ट भी हो गए।
: विद्युत जामवाल ने कराया न्यूड फोटोशूट
Sun, Dec 10, 2023
बॉलीवुड के बेहतरीन एक्टर विद्युत जामवाल अपनी एक्टिंग के साथ-साथ अपने एक्शन भरे अंदाज और स्टंट के लिए भी काफी मशहूर हैं। एक्टर अक्सर अपनी शानदार फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। वहीं, अब एक बार फिर विद्युत ने ऐसी फोटोज शेयर कर दी है कि वे चर्चा का विषय बन गए हैं। इन फोटोज को देखने के बाद लोगों को रणवीर सिंह और एनिमल एक्टर रणबीर कपूर की याद आ गई। बता दें कि साल 2022 में रणवीर सिंह ने न्यूड फोटोशूट करवाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इन फोटोज को लेकर खूब बवाल हुआ था।
विद्युत जामवाल का न्यूड अवतार
वहीं, हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'एनिमल' में भी रणबीर कपूर न्यूड लुक में दिखाई दिए थे। अब विद्युत जामवाल भी कुछ ऐसा ही करते दिखाई दिए। एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर रविवार के सुबह न्यूड फोटो शेयर कर, फैंस को हैरान कर दिया है। अब इस फोटो को लेकर काफी चर्चा हो रही है। बता दें कि विद्युत जामवाल इन दिनों हिमालय में हैं। यहां से उन्होंने तीन फोटोज शेयर की है, जिनके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "हिमालय पर्वतमाला में मेरी वापसी - परमात्मा का निवास 14 साल पहले शुरू हुई थी। इससे पहले कि मुझे एहसास होता, हर साल 7-10 दिन अकेले बिताना मेरे जीवन का अहम अंग बन गया है।"
'हिमालय पर्वतमाला में मेरी वापसी'
विद्युत जामवाल इन दिनों हिमालय में हैं। जहां उन्होंने तीन फोटोज शेयर की और कैप्शन में लिखा, हिमालय पर्वतमाला में मेरी वापसी - "परमात्मा का निवास" 14 साल पहले शुरू हुई थी। इससे पहले कि मुझे एहसास होता, हर साल 7-10 दिन अकेले बिताना मेरे जीवन का अभिन्न अंग बन गया। जंगल में आकर, मुझे अपना एकांत ढूंढना और "मैं कौन नहीं हूं" को जानने के महत्व को महसूस करना पसंद है, जो कि "मैं कौन हूं" को जानने के साथ-साथ शांति में खुद की रक्षा करने का पहला कदम है।
मैं अपने कम्फर्ट जोन के बाहर सबसे अधिक आरामदायक हूं। मैं प्रकृति की प्राकृतिक आवृत्ति के साथ तालमेल बिठाता हूं और मैं खुद को सैटेलाइट डिश एंटीना के रूप में कल्पना करता हूं। यहीं पर मैं वह ऊर्जा पैदा करता हूं, जिसके साथ मैं खुद को घेरना चाहता हूं और घर वापस आना चाहता हूं। अपने जीवन में एक नए अध्याय का अनुभव करने के लिए तैयार हूं - पुनर्जन्म।
नई फिल्म का किया एलान
इस पोस्ट के साथ साथ एक्टर ने अपनी नई फिल्म का भी एलान किया है। उन्होंने आगे लिखा, अब मैं अपने अगले चैप्टर - क्रैक के लिए तैयार और उत्साहित हूं, जो 23 फरवरी, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।