: रजनीकांत के पोएस गार्डन वाले घर में भरा पानी
Fri, Dec 8, 2023
मुंबई
चक्रवात मिचौंग ने तमिलनाडु और आस-पास के इलाकों में भारी तबाही मचाई है। जन-जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है। लोगों के घरों में पानी भर गया है और स्थिति बदहाल है। सुपरस्टार रजनीकांत का घर भी इससे अछूता नहीं रहा। चेन्नै के पॉश इलाके में स्थित रजनीकांत के घर में पानी भर गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
वीडियो में दिख रहा है कि मिचौंग चक्रवात की वजह से जो भारी बारिश हुई, उससे चेन्नै के पॉश एरिया पोएस गार्डन की सड़कें पानी में डूब गई हैं। रजनीकांत के घर में भी पानी भर गया है। हालांकि रजनीकांत अपने घर पर नहीं थे, और उनका परिवार भी किसी और जगह शिफ्ट हो गया है। रजनीकांत के घर में भरे पानी का जो वीडियो आया है, उसे एक फैन ने शूट किया है, जिसे देख सब दुख जता रहे हैं। फैंस हैरान हैं कि थलाइवा भी बाढ़ के बीच इस बुरी स्थिति में फंसे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजनीकांत अभी चेन्नै से बाहर हैं।
वह Tirunelveli में हैं, जहां नई फिल्म Thalaivar 170 की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म को टीजे ज्ञानवेल डायरेक्ट कर रहे हैं। हाल ही आमिर खान और विष्णु विशाल भी चेन्नै बाढ़ में फंस गए थे। विष्णु विशाल ने कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वह और आमिर रेस्क्यू बोट में नजर आ रहे थे। साथ में विष्णु विशाल की पत्नी और बैडमिंटन प्लेयर ज्वाला गुट्टा भी थीं। विष्णु विशाल ने तस्वीरें शेयर कर रेस्क्यू टीम का शुक्रिया अदा किया था। कुछ दिन पहले ही कार्ति और सूर्या ने बाढ़ से प्रभावित चेन्नै में राहत कार्य के लिए 10 लाख रुपये डोनेट किए थे। रजनीकांत के अलावा और जो सितारे चेन्नै बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, उनमें नमिता, विनोदिनी वैद्यनाथन, अदिति बालन, शांतनु और आतमिका शामिल हैं। बारिश अभी बंद हो चुकी है, लेकिन जगह-जगह जलभराव से स्थिति खराब है।
: नेपोटिज्म को सिरे से नकारते हैं करण जौहर
Fri, Dec 8, 2023
मुंबई
जेद्दा (सऊदी अरब) में आयोजित तीसरे रेड सी अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में करण जौहर ने स्वीकार किया कि उनके जीवन में कभी कोई प्रेम कहानी नहीं रही, पर उन्होंने अपनी अधिकांश फिल्मों में दर्शकों को प्रेम कहानियां ही सुनाई हैं। उन्हें सुनने के लिए जेद्दा के रेड सी माल के वोक्स सिनेमा में बड़ी संख्या में बॉलीवुड से बेइंतहा प्यार करने वाले दर्शक मौजूद थे, जिनमें सबसे ज्यादा पाकिस्तानी महिलाएं थीं, जिन्होंने करण जौहर की सभी फिल्में देख रखी थीं।
मिडिल ईस्ट के देशों में करण जौहर की फिल्मों की काफी लोकप्रियता है। करण ने कहा कि वे दो जुड़वां बच्चों के पिता हैं और अपनी 81 वर्षीय मां के साथ मिलकर उनका पालन पोषण कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘किल’ के बारे में कहा कि यह हिंदी सिनेमा के इतिहास में संभवत सबसे हिंसक फिल्म है जिसे एक साथ देखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा हूं। इसे खाली पेट मत देखिएगा नहीं तो फिल्म देखने के बाद खाना नहीं खा पाएंगे। इसी साल टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था और कहा जाता है कि वहां इसे बहुत पसंद किया गया। याद रहे कि करण जौहर ने गुनीत मोंगा के साथ इसे प्रोड्यूस किया है और निखिल नागेश भट्ट इसके निर्देशक हैं। ‘किल ’ में रांची से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पर एक लुटेरों का गैंग आधी रात को हमला करता है।
नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स के दो कमांडो उनका मुकाबला करते हैं। फिर पूरी ट्रेन में जो हिंसा का तांडव होता है वह भयानक ही नहीं हृदयविदारक है। करण जौहर ने हिंदी सिनेमा में नेपोटिज्म (परिवारवाद) के सवाल पर हिंदी में जवाब देते हुए कहा कि इससे बड़ा झूठ कुछ हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि उदाहरण के लिए उनकी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी ’ में जब उन्होंने आलिया भट्ट का आॅडिशन देखा तो पाया कि रानी की भूमिका के लिए वे सबसे बेस्ट थीं। उनके लिए यह बात मायने नहीं रखती कि वे किसकी बेटी (महेश भट्ट) है और किस परिवार से आई हैं। उन्होंने कहा कि अब तक वे करीब तीस से भी अधिक लोगों को फिल्मों में मौका दे चुके हैं। यह किस्मत की बात है कि किसी को चांस मिल जाता है और कोई इंतजार करता रहता है।
: जूनियर महमूद नहीं रहे, कैंसर से जंग के बाद दुनिया को कहा अलविदा
Fri, Dec 8, 2023
मुंबई
बॉलीवुड के फेमस एक्टर में से एक रहे जूनियर महमूद का कैंसर से जंग के बाद निधन हो गया है. जूनियर महमूद पेट के स्टेज 4 कैंसर से जूझ रहे थे. उनका इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा था. देर रात करीब 2 बजे जूनियर महमूद ने अपनी आखिरी सांस ली. फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर के निधन से शोक पसर गया है.
जानकारी के मुताबिक, आज जुमे की नमाज के बाद जुहू के कब्रिस्तान में जूनियर महमूद को सपुर्द ए खाक किया जाएगा. निधन के बाद जूनियर महमूद अपने पीछे अपना परिवार छोड़ गए हैं. उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, बहू और 1 पोता है. जूनियर महमूद साहब का असली नाम नईम सैय्यद था. उनका जन्म 15 नवंबर 1956 को हुआ था. कुछ दिनों पहले ही जूनियर महमूद के पेट के कैंसर से पीड़ित होने की खबर मास्टर राजू ने दी थी. इसके बाद कुछ सितारे उनसे मिलने भी पहुंचे.
मास्टर राजू रोजाना जूनियर महमूद का हाल लेने पहुंच रहे हैं. उन्होंने ही अपने पोस्ट के जरिए दुनिया को जूनियर महमूद की खराब हालत की खबर दी थी. एक्टर संग फोटो शेयर कर मास्टर राजू ने पोस्ट में लिखा था, 'जूनियर महमूद जी के पेट के कैंसर का पता चला है. कृपया उसके लिए प्रार्थना करें.' इसके बाद जॉनी लीवर, जूनियर महमूद की मदद को आगे आए थे. इस मुश्किल वक्त में महमूद के करीबी दोस्त सलाम काजी भी उनके साथ हैं.
एक वक्त पर इंडस्ट्री के जाने-माने आर्टिस्ट रहे जूनियर महमूद पेट की तस्वीरों ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल दुखा दिया था. उनका हाल देखना फैंस संग करीबियों के लिए भी मुश्किल था. जूनियर महमूद ने सुपरस्टार जितेंद्र और अपने बचपन के दोस्त एक्टर सचिन पिलगांवकर से मिलने की इच्छा जताई थी. दोनों सितारों ने उनकी इस आखिरी इच्छा को पूरा भी किया.
18 दिन पहले फोर्थ स्टेज कैंसर का चला था पता
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में
जूनियर महमूद
की फैमिली ने निधन की पुष्टि की और बताया कि फोर्थ स्टेज कैंसर की वजह से वह किस दर्द से गुजरे। महमूद के बेटे हुस्नेन ने कहा, "हमें उनके चौथे स्टेज के पेट के कैंसर के बारे में 18 दिन पहले ही पता चला था। हम उन्हें टाटा मेमोरियल अस्पताल ले गए। वहां के डीन ने हमें बताया कि इस स्तर पर उपचार और कीमोथेरेपी बहुत दर्दनाक होगी। अस्पताल ने सुझाव दिया था कि हम घर पर ही उनकी देखभाल करें।"
चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में शुरू किया करियर
जूनियर महमूद ने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने चार दशक के करियर में सात भाषाओं में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। वह
राजेश खन्ना
(Rajesh Khanna) से लेकर अमिताभ बच्चन और राज कपूर जैसे सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। जूनियर महमूद की फिल्मों की लिस्ट में 'मेरा नाम जोकर', 'कारवां', 'हाथी मेरे साथी', 'मोहब्बत जिंदगी है', 'नैनिहाल', 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'बाप नंबरी बेटा 10 नंबरी' समेत कई ब्लॉकबस्टर शामिल हैं।
जूनियर महमूद ने जताई थी इच्छा
6 दिसंबर को एक ट्विटर यूजर ने जूनियर महमूद की पुरानी फोटो को शेयर करते हुए उनकी इच्छा के बारे में बात की थी. शख्स ने लिखा था, 'जूनियर महमूद, जो कि बीते जमाने के सबसे प्यार चाइल्ड स्टार रहे हैं, अस्पताल में अपने स्टेज 4 कैंसर का इलाज करवा रहे हैं. उन्होंने जितेंद्र से मिलने की इच्छा जताई है, जिनके साथ उन्होंने कई फिल्मों में काम किया. और वो चाहते हैं कि उनके बचपन के दोस्त सचिन पिलगांवकर उनसे मुलाकात करने आएं. मैं जितेंद्र जी और सचिन जी से अनुरोध करता हूं कि उनकी इस इच्छा को पूरा कर दीजिए क्या पता ये उनकी आखिरी ख्वाहिश साबित हो.'
मिलने पहुंचे जितेंद्र-सचिन पिलगांवकर
इस ट्वीट के जवाब में सचिन पिलगांवकर की बेटी श्रेया ने बताया था कि उनके पिता जूनियर महमूद के साथ कॉन्टेक्ट में बने हुए हैं और उनसे मिले भी हैं. वहीं बीते जमाने के सुपरस्टार रहे जितेंद्र की फोटोज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. वायरल तस्वीरों में से एक में जितेंद्र, जूनियर महमूद से उनका हाल ले रहे थे. वहीं दूसरी में जितेंद्र, महमूद के सिर पर हाथ रखे खड़े थे. जूनियर महमूद से मुलाकात के बाद जितेंद्र काफी इमोशनल भी हुए. उनकी आंखों में महमूद की हालत देखकर आंसू भी आ गए थे.
कौन थे जूनियर महमूद?
जूनियर महमूद का असली नाम नईम सैय्यद था. सिल्वर स्क्रीन के लिए उन्होंने जूनियर महमूद नाम को अपनाया था. जूनियर महमूद ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी. चाइल्ड आर्टिस्ट के ही रूप में उन्हें फिल्मों में खास पहचान मिली. उन्हें 'बचपन', 'गीत गाता चल', 'कटी पतंग', 'मेरा नाम जोकर', 'ब्रह्मचारी' संग अन्य फिल्मों में देखा गया था. उनके साथ दोस्त सचिन पिलगांवकर को भी बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट कई फिल्मों में देखा गया था. दोनों की जोड़ी काफी सफल रही थी.