: दूसरी बार शादी के बंधन में बंधीं 'रईस' फेम माहिरा खान
Mon, Oct 2, 2023
कराची
फिल्म 'रईस' में शाहरुख खान के साथ अभिनय कर चुकीं एक्ट्रेस माहिरा खान दूसरी बार शादी के बंधन में बंध गई हैं। उनकी दूसरी शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। माहिरा ने मुरी में एक निजी समारोह में अपने करीबी दोस्त और बिजनेसमैन सलीम करीम से शादी कर ली।
शादी में माहिरा बेहद खूबसूरत लग रही हैं। माहिरा की मैनेजर अनुषाय तल्हा खान ने इंस्टाग्राम पर शादी का एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया है। माहिरा दुल्हन के लिबास में सजी-धजी सलीम की ओर बढ़ रही थी। माहिरा को सामने आता देख सलीम अपने आंसू पोंछता है। बाद में सलीम माहिरा की ओर बढ़ता है, दोनों एक-दूसरे को देखकर भावुक हो जाते हैं। सलीम माहिरा को माथे पर चूमता है और वे एक-दूसरे को गले लगाते हैं।
माहिरा और सलीम की शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशंसक नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं। माहिरा खान की पहली शादी 2007 में अली अक्सरी से हुई थी। दोनों की मुलाकात लॉस एंजिलिस में हुई थी। अली अक्सरी एक अभिनेता, निर्देशक और निर्माता हैं। शादी के बाद माहिरा ने 24 साल की उम्र में बेटे अजलान को जन्म दिया, लेकिन शादी के आठ साल बाद 2015 में उनका तलाक हो गया। बच्चे की कस्टडी अभी भी माहिरा के पास है। उनका बेटा अब 13 साल का है।
माहिरा और सलीम एक दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे। माहिरा ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि वह सलीम को डेट कर रही हैं। अब 'रईस' फेम एक्ट्रेस दूसरी बार शादी के बंधन में बंध गई हैं और नई जिंदगी की शुरुआत कर रही हैं।
दंत चिकित्सा योजना संबंधी विज्ञापन से मेरा कोई लेना-देना नहीं, 'एआई संस्करण' का इस्तेमाल किया गया: टॉम हैंक्स
लॉस एंजिलिस
हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स ने अपने प्रशंसकों को सूचित किया है कि दंत चिकित्सा योजना के एक विज्ञापन संबंधी वीडियो में उनके 'एआई-संस्करण' का इस्तेमाल किया गया है और इस वीडियो से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
हैंक्स ने 'इंस्टाग्राम' के जरिए अपने फोलोवर को सूचित किया कि उनका इस विज्ञापन से कोई संबंध नहीं है।
अभिनेता (67) ने इस वीडियो की कम्प्यूटर जनित अपनी एक तस्वीर का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, ''सावधान, एक वीडियो में मेरा एआई संस्करण किसी दंत चिकित्सा योजना का प्रचार कर रहा है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है।''
हैंक्स ने पहले 'द एडम बक्सटन पॉडकास्ट' की एक कड़ी में रचनात्मक उद्योगों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डीपफेक तकनीक के उपयोग के बारे में बात की थी।
'डीपफेक' ऐसी कृत्रिम मेधा तकनीक है, जिसकी मदद से किसी छवि या वीडियो पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगा दी जाती है, जिससे असली और डीपफेक तकनीक के इस्तेमाल से बदली गई तस्वीर के बीच कोई अंतर नजर नहीं आता।
: समर्पण बने सीजन-3 के बेस्ट डांसर, जीते ₹15 लाख
Sun, Oct 1, 2023
मुम्बई
रियलिटी टीवी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' सीजन 3 के विनर का नाम अनाउंस कर दिया गया। इस सीजन का ग्रैंड फिनाले किसी रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं था। सीजन 3 का सफर 30 सितंबर को खत्म हो गया और इसी के साथ खत्म हो गया दर्शकों का यह जानने का इंतजार कि यह सीजन कौन जीतेगा। 'किंग ऑफ कन्टेम्पररी' का टाइटल जीत चुके पुणे के समर्पण लामा ने 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 3' के विजेता का खिताब जीता।
अपने शालीन स्वभाव और कड़ी मेहनत से करोड़ों दर्शकों और ज्यूरी का दिल जीत चुके समर्पण लामा ने शनिवार को इतिहास रच दिया। ट्रॉफी जीतने के बाद समर्पण ने कहा, "यह किसी सपने जैसा लग रहा है। मैंने हमेशा ही रियलिटी शोज देखे हैं और दुआ की है कि काश मैं भी किसी दिन इसी तरह के किसी रियलिटी शो का हिस्सा बन पाऊं। लेकिन मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि मैं अपना पहला डांस रियलिटी शो जीत जाऊंगा। यह किसी सपने के सच होने जैसा है।"
शो में समर्पण के लिए कुछ यादगार पल
उनके सफर के हाइलाइट्स में वो लम्हा भी शामिल रहा जब डांस गुरु रेमो डिसूजा ने उन्हें सम्मान के तौर पर अपने जूते गिफ्ट किए। टेरेंस लुइस ने भी समर्पण के डांस की जमकर तारीफ की और कहा कि उनका भविष्य डांस की दुनिया में बहुत उज्जवल है। समर्पण बहुत कम वक्त में सबके लाडले हो गए थे। सर्मपण के लिए वह पल भी बहुत खास था जब वह 17 साल के बाद इस शो के सेट पर अपने पिता से मिले। उनके पिता विदेश में नौकरी करते हैं ताकि परिवार का पेट पाल सकें।
जीती रिस्पेक्ट और ₹15 लाख प्राइज मनी
एक मिडिल क्लास फैमिली से आने वाले समर्पण ने 15 लाख रुपये प्राइज मनी जीती और ढेर सारा सम्मान भी। IBD 3 में समर्पण के सफर की बात करें तो एक एपिसोड में विकी कौशल ने उनकी जमकर तारीफ की थी और कहा, "समर्पण आपने पूरी तरह से अपने आप को अपनी परफॉर्मेंस में समर्पित कर दिया था।" विकी कौशल की समर्पण के साथ बातचीत का यह वीडियो आज भी इंटरनेट पर खूब वायरल होता है।
: 'गंगूबाई' के नए अवतार में दिखेंगी आलिया
Sun, Oct 1, 2023
मुंबई
बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट शनिवार को संजय लीला भंसाली के ऑफिस के बाहर स्पॉट की गईं। आलिया भट्ट के पहुंचने की कुछ ही देर बार संजय लीला भंसाली भी अपने दफ्तर पहुंच गए। पिछले साल 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीत चुकीं आलिया भट्ट के फिर एक बार संजय लीला भंसाली के साथ काम करने की चर्चा होने लगी हैं। मालूम हो कि भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ब्लॉकबस्टर हिट रही थी।
भंसाली संग आलिया की नई फिल्म का इंतजार
आलिया भट्ट पिंक-व्हाइट के कॉम्बिनेशन वाला आउटफिट पहनकर नजर आईं। उन्होंने गाड़ी से उतरकर पापाराजी की तरफ हाथ हिलाया और फिर ऑफिस के अंदर चली गईं। आलिया भट्ट का संजय लीला भंसाली के दफ्तर पहुंचना और फिर कुछ ही मिनटों के भीतर स्टार डायरेक्टर का भी वहां पर आना इन कयासों को जन्म दे रहा है कि यह सुपरहिट जोड़ी फिर एक बार किसी सॉलिड स्क्रिप्ट पर डिसकशन कर रही है। अगर बात बनी तो जल्द ही दर्शकों को भंसाली के निर्देशन में बनी आलिया की एक और फिल्म देखने को मिल सकती है।
'रॉकी और रानी' के जरिए छा गईं आलिया भट्ट
वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट की पिछली फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' सुपरहिट रही। फिल्म में रणवीर सिंह ने लीड रोल प्ले किया था और करण जौहर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के लिए एक्ट्रेस को खूब तारीफें मिलीं। हाल ही में आलिया भट्ट की अगली फिल्म भी अनाउंस कर दी गई है जिसमें एक्ट्रेस काफी धाकड़ अंदाज में नजर आएंगी। फिल्म का नाम 'जिगरा' है जिसका अनाउंसमेंट वीडियो मेकर्स ने हाल ही में रिलीज किया है।
'जिगरा' में दिखेगा आलिया का धाकड़ अवतार
गॉसिप्स तो ये हैं कि 'जिगरा' में आलिया भट्ट काफी धुंआधार एक्शन करती दिखाई पड़ेंगी। अनाउंसमेंट वीडियो से अंदाजा लग रहा है कि फिल्म में आलिया एक ऐसी बहन का किरदार निभाएंगी जो अपने भाई को बचाने के लिए हर हद पार कर जाने को तैयार है। फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो में आलिया भट्ट का एनिमेटेड अवतार नजर आया है, लेकिन फिल्म एनिमेटेड होगी या फिर नहीं? यह तो वक्त के साथ ही पता चलेगा।