: बेखौफ साइबर ठग लोगों के खाते कर रहे हैं खाली
Admin
Tue, Feb 7, 2023
हर रोज कई लोग हो रहे ठगी के शिकार, लोगों में जागरूकता की कमी सबसे बड़ी चुनौती
लगातार हो रहे साइबर अपराधों और सावधानी की चेतावनी के बावजूद लोग फंस रहे
रायपुर | साइबर अपराधों को लेकर आम लोगों में जागरूकता की कमी की वजह से राजधनी में साइबर ठगी के मामलों में अंकुश लगने का नाम ही नहीं ले रहा है | अब पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के इतिहास के सहायक प्राध्यापक से क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर एप डाउनलोड कराकर 2 लाख 7 हजार रुपए की ठगी कर ली गई | एक फरवरी को हाउसिंग बोर्ड निवासी से एनीडेस्क डाउनलोड कराकर 2 लाख 49 हजार 523 रुपए की ठगी कर ली गई थी | वहीँ मंगलवार पावर कंपनी के चेयरमैन की तस्वीर लगा उनके नाम पर ठगों ने 50 हजार रुपए ठगने की कोशिश की थी | लगातार लोगों के खाते खाली कर रहे साइबर ठगों के आगे रायपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट पस्त नजर आ रही है |
लोगों की मेहनत की कमाई ठग उड़ा रहे
साइबर ठग लगातार लोगों की मेहनत की कमाई उड़ा रहे हैं | उन पर अंकुश लगा पाने में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट और पुलिस टीम नाकाम नजर आ रही है | कई मामलों में तो ठगी के बाद कॉल करने वाले मैसेज भी करते हैं कि उसने कुछ खातों के रुपए बचा दिए हैं | इस तरह के मामलों में जिस तेजी से कार्यवाई की जानी चाहिए नहीं हो रही | अगर वक्त पर ग्राहक सूचना देता है, तो भी पुलिस की तरह से देरी होती है | एफआईआर लिखने में ही कई बार थाने दो से तीन दिन लगा देते हैं | अगर त्वरित कार्यवाई हो, तो बैंको की मदद से ठगों को ट्रांसफर हो रही कुछ रकम को रिकवर या सीज किया जा सकता है |
विज्ञापन
विज्ञापन