कल पहुंचेंगे कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा : बहेरसर–तुलसी मार्ग सहित 2.53 करोड़ के विकास कार्यों का होगा भूमि पूजन एवं लोकार्पण,
Ramesh Batra
Wed, Aug 5, 2026
तिल्दा-नेवरा। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 6 अगस्त 2026, गुरुवार को ग्राम बहेरसर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्राम बहेरसर से तुलसी मार्ग तक 1.525 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमि पूजन एवं लोकार्पण है, जिसकी स्वीकृत लागत 2 करोड़ 53 लाख रुपये है। इस सड़क के निर्माण से दोनों गांवों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इसके अलावा कार्यक्रम में मुख्य मार्ग से मुक्तिधाम तक सीसी रोड निर्माण (10 लाख रुपये), शासकीय प्राथमिक शाला बहेरसर में शौचालय निर्माण (2.50 लाख रुपये) तथा बाजार चौक बहेरसर में सड़क निर्माण (5 लाख रुपये) जैसे विकास कार्यों का भी भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, जनपद पंचायत तिल्दा अध्यक्ष दिनेश्वर मनहरे, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष नरसिंह वर्मा, विधायक प्रतिनिधि अनुराधा वर्मा, तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष प्रांजल निषाद तथा तिल्दा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नरसिंह वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बहेरसर परिसर में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ग्राम पंचायत बहेरसर एवं तुलसी नेवरा के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से सड़क संपर्क बेहतर होगा, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं में सुधार आएगा तथा ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही कई समस्याओं से राहत मिलेगी। समारोह को लेकर दोनों ग्राम पंचायतों सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन