: बेमेतरा: शादीशुदा युवक ने युवती से बरगलाकर की शादी
Wed, Feb 8, 2023
बेमेतरा | कथित प्रेम प्रसंग के एक मामले में बेमेतरा में सोमवार को हालात उस समय तनावपूर्व हो गई जब सखी सेंटर के सामने प्रदर्शन होने लगा | बाद में परिजनों के साथ बजरंग दल के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हो गए | बेमेतरा-दुर्ग हाईवे पर 5 घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई | बता दें कि करीब 15 दिनों पूर्व ग्राम सनकपाट निवासी एक पालक ने बेमेतरा थाना में अपनी बेटी की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था | प्रदर्शन व चक्काजाम को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ युवती को अज्ञात स्थान में भेज दिया गया | काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया | परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है |
: बिलासपुर के पास पहुंचा 13 हाथियों का दल
Wed, Feb 8, 2023
बिलासपुर / खम्हरिया | जांजगीर जिले के अंतिम गांव इमलीपारा में लीलागर नदी के तट पर 13 हाथियों का दल सोमवार की दोपहर से डेरा डाले हुए है | यह गांव बिलासपुर जिले के गांव ऊनी से बमुश्किल एक किलोमीटर दूर है | नदी के एक छोर पर ऊनी और दूसरे छोर पर इमलीपारा गांव है | यहां से कभी भी हाथियों का दल बिलासपुर जिले के ऊनी इलाके में घुस सकता है | हाथियों के दल के जिले की सीमा में पहुंचने के कारण हड़कंप मच हुआ है | वन विभाग के आला अधिकारी सारे हालात पर नजर रखे हुए हैं | विभागीय अमले को तैनात कर दिया गया है | वन अमला हाथियों के हर मूवमेंट पर नजर रखते हुए उनका पीछे कर रहा है | हफ्तेभर से हाथियों के एक दल का मूवमेंट जांजगीर-चांपा जिले में मिल रहा है | यह दल सक्ती जिले के बाराद्वार से होते हुए जांजगीर जिले के पामगढ़ तक पहुंचा | इसके बाद सोमवार की सुबह अकलतरा के जंगल के रास्ते दल्हा पहाड़ पहुंचा | यहां से हाथियों का दल सोमावर तक जांजगीर जिले के अंतिम गांव इमलीपारा और चंगोरी तक पहुंच चुका था | यह गांव बिलासपुर जिले के अंतिम गांव ऊनी से बमुश्किल एक किलोमीटर दूर है | नीलगर नदी के एक तट पर ऊनी, तो दूसरे तट पर इमलीपारा गांव है | हाथियों का दल लगातार इमलीपारा और चंगोरी के पास मूवमेंट कर रहा है | इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग के एसडीओ सुनील बच्चन, डिप्टी रेंजर नमित तिवारी, वनरक्षक अब्दुल हफीज खान वन अमले के साथ नीलगर नदी के पुल और आसपास के इलाके में निगाह रखे हुए हैं |
वन और पुलिस का 100 सदस्यीय दस्ता तैनात
हालात से निपटने के लिए वन विभाग और पुलिस का 100 सदस्यीय दस्ता तैनात किया गया है | इसमें पुलिस की दो पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र के गांवो में भ्रमण कर रही है | साथ ही वन विभाग की तीन टीमें हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखे हुए है | सोमवार की रात विभागीय अमला सर्च लाइट के साथ जंगल में डटा रहा |
: आरक्षण संशोधन विधेयक पर राज्यपाल के सचिव को नोटिस
Wed, Feb 8, 2023
अनिश व्यास
बिलासपुर | आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर न करने के मामले में छत्तीसगढ़ शासन व एक अन्य की याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्यपाल के सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है | सोमवार को जस्टिस रजनी दुबे की सिंगल बेंच में प्रकरण की सुनवाई हुई | शासन की ओर से सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने पैरवी करते हुए कहा कि राज्यपाल को विधेयक को रोकने का कोई अधिकार नहीं है | मामले में 24 फरवरी को होगी सुनवाई | याचिका में कहा गया है कि राज्य सरकार ने आरक्षण के मुददे पर राज्यपाल से सहमति लेकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया था, जिसमें जनसंख्या के आधार पर प्रदेश में 76 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव पारित किया गया है | इसके अनुसार छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति को 32 प्रतिशत, ओबीसी को 27, अनुसूचित जाति के लिए 13, और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है | विधेयक राज्यपाल के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है | राज्यपाल अनुसुईया उईके ने बिल पर हस्ताक्षर नहीं किए और इसे अपने पास ही रखा है | इसे पूर्व में एक वकील ने चनौती देते हुए याचिका दायर की, फिर राज्य शासन ने भी याचिका दायर की है | बता दें कि सितम्बर में हाईकोर्ट द्वारा 58 प्रतिशत आरक्षण निरस्त करने के बाद राज्य शासन ने विधानसभा के विशेष सत्र में बिल पास कर आरक्षण 76 प्रतिशत कर दिया था |