विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की गंगा बहेगी:पलक विकास सुखवानी : तिल्दा को मिली 36 करोड़ रुपये की नई सड़कों की सौगात, सालों पुरानी मांग हुई पूरी
Ramesh Batra
Sat, Jun 21, 2025
तिल्दा नेवरा : औद्योगिक क्षेत्र तिल्दा नेवरा में सड़कों की जर्जर स्थिति को देखते हुए, क्षेत्रवासियों की सालों से लंबित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। आज उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री टंक राम वर्मा की उपस्थिति में बीएनबी प्रांगण में लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़कों का भूमिपूजन किया गया। इन नई सड़कों से क्षेत्र में विकास और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्य परियोजनाएँ:
सरोरा मार्ग और सरोरा से बिनायका मार्ग: पुल-पुलिया सहित लगभग 1032.78 लाख रुपये की लागत से इन मार्गों का निर्माण किया जाएगा।
एनएच मार्ग सांकरा से तिल्दा सासाहोली मार्ग: लगभग 11 किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग का जीर्णोद्धार और चौड़ीकरण 2663.28 लाख रुपये की लागत से होगा।
कार्यक्रम का आयोजन तिल्दा लोक निर्माण विभाग, जिला रायपुर द्वारा किया गया था। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि क्षेत्रीय विधायक और मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल और धरसीवां विधायक अनुज शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
तेज़ गति से विकास कार्य: उपमुख्यमंत्री अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अवसर पर कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा के तिल्दा क्षेत्र के लोग सालों से अच्छी सड़कों की मांग कर रहे थे, जिसे मात्र 18 महीनों में पूरा करते हुए आज इन सड़कों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ये सड़कें बहुप्रतीक्षित थीं और इनके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। साव ने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों और विधायक टंकराम वर्मा की मांग पर इन सड़कों को स्वीकृति मिली है और इनका निर्माण शीघ्र ही शुरू होगा। उन्होंने मंत्री टंकराम वर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे कम समय में ज़्यादा से ज़्यादा विकास कार्य कर रहे हैं।
व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से लोगों को न केवल आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि उद्योग और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने ज़ोर दिया कि ये चारों सड़कें क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। अग्रवाल ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और विष्णु देव साय की सरकार इसे विकसित रूप में गढ़ने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में गांव, गरीबों और किसानों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।
तिल्दा मेरी धड़कन है: मंत्री टंकराम वर्मा
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सरकार बनी है, तब से गांव और शहरों का योजनाबद्ध तरीके से विकास हो रहा है और मोदी की गारंटी को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिल्दा के लोगों को हमेशा लगता था कि तिल्दा पर ध्यान नहीं दिया जाता, लेकिन "तिल्दा मेरी धड़कन है" और आज क्षेत्रवासियों को करोड़ों की सौगात मिली है। उन्होंने सभी को बधाई और शुभकामनाएँ दीं और कहा कि वे सभी मोदी जी और विष्णु सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र को संवारने का कार्य करेंगे।
विष्णु का सुशासन: विधायक अनुज शर्मा
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हर कार्य 'सायं सायं' गति से पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को लगातार विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है और सबका विकास हो रहा है, यही विष्णु का सुशासन है।
पलक विकास सुखवानी ; उपाध्यक्ष नगर पालिका
विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास की गंगा बहेगी डबल इंजन की हमारी सरकार का मै दिल से आभार करती हूँ हमारे पालिका क्षेत्रमें जो विकास कभी नहीं हुआ वो इन पांच सालो में होगा
इस अवसर पर भाजपा ज़िला महामंत्री अनिल अग्रवाल ने तिल्दा क्षेत्र की मांगों को पूरा करने और 5 करोड़ की ऑडिटोरियम की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नवीन अग्रवाल (ज़िला पंचायत अध्यक्ष, रायपुर), टिकेश्वर मनहरे (जनपद अध्यक्ष, तिल्दा), शैल महेंद्र साहू (ज़िला पंचायत सदस्य), चंद्रकला खुमान वर्मा (नगर पालिका अध्यक्ष, तिल्दा), मनोज निषाद, पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी नरसिंह वर्मा, पवन अग्रवाल, टेकराम यादव, विजय ठाकुर, भागबली साहू, एसडीएम आशुतोष देवांगन, जनपद सीईओ विवेक गोस्वामी और तुलसीदास ज्योती मसियारे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

विज्ञापन
विज्ञापन