: ASI के बेटे ने हिस्ट्रीशीटर को मार डाला
Mon, Oct 30, 2023
चूरू.
रतनगढ़ थाना इलाके में जन्मदिन पार्टी के दौरान मामूली झगड़े में ASI के बेटे ने हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी। इसमें उसके आठ दोस्तों ने मदद की। विवाद के बाद अपने दोस्तों के साथ ASI का बेटा लाठी और सरिया लेकर हिस्ट्रीशीटर पर टूट पड़ा। हिस्ट्रीशीटर वहीं ढेर हो गया। उसे मरा हुआ समझकर मौके से सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही हिस्ट्रीशीटर के परिवार वाले मोर्चरी के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने ASI पर अपने बेटे और अन्य आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।
रतनगढ़ थानाधिकारी सुभाष बिजारणिया ने बताया, शनिवार रात रतनसरा रोड स्थित कृषि फार्म में एक युवक की जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान दिलसुख गोदारा (24) की एक युवक से कहासुनी हो गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि युवक ने गंगा सिंह (23) पुत्र राजेन्द्र सिंह सहित सात दोस्तों के साथ मिलकर लाठी और सरियों से हमला कर दिया। दिलसुख गोदारा को रतनगढ़ के जालान हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गंगा सिंह के पिता राजेंद्र सिंह रतनगढ़ थाने के एएसआई हैं। थानाधिकारी सुभाष बिजारणिया ने बताया, सूचना पर मैं टीम के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने रतनगढ़ निवासी दिलसुख गोदारा के शव को कब्जे में लिया। पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। सूचना के बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और मर्डर से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
सुबह सूचना के बाद अस्पताल में मोर्चरी के सामने परिवार वालों की भीड़ जमा हो गई। रतनगढ़ के जालान अस्पताल की मोर्चरी के सामने आक्रोशित परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। अस्पताल में माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और युवकों ने रतनगढ़ थाने के एएसआई राजेन्द्र सिंह के बेटे गंगा सिंह के शामिल होने और हमलावरों को बचाने का आरोप लगाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने एएसआई को सस्पेंड करने की मांग की। डीएसपी सतपाल सिंह और थानाधिकारी सुभाष बिजारणिया ने समझाया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने एएसआई राजेन्द्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके बाद परिजन युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने पर राजी हुए।
: आज से गिरेगा दिल्ली-एनसीआर का पारा
Mon, Oct 30, 2023
नई दिल्ली.
दक्षिणी पूर्व व उत्तर-पूर्व दिशा से चली शुष्क हवा व खिली धूप से तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई। रविवार को तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार से हवा की दिशा बदलकर उत्तरी व पूर्वी हो सकती है। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट होने का अनुमान है। दो नवंबर तक तापमान में ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इसकी बड़ी हवाओं के रुख में बदलाव व दिन में खिली धूप रही। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से हवा का रुख बदलकर पूर्वी व उत्तरी हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। हालांकि रविवार को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हल्की धुंध छा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसमी बदलाव से पहले सुबह और शाम को ही ठंड महसूस हो रही। रविवार को अचानक दो डिग्री तक पारा ऊपर जाने से ठंड से थोडी राहत मिली, लेकिन सोमवार से फिर पारा गिर सकता है। मौसम विभाग का कहना है दो नवंबर तक दिल्ली के पारे में हल्की गिरावट का अनुमान है। छह दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान घटकर 16 डिग्री तक पहुंच सकता है। सोमवार को सुबह आसमान साफ रहेगा। सुबह हल्की धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने का अनुमान है।
: बदायूं में स्कूल वैन से भिड़ी बस, 5 बच्चों समेत ड्राइवर की मौत, कई मासूम घायल
Mon, Oct 30, 2023
बदायूं.
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां सोमवार सुबह स्कूल बस और स्कूल वैन की जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में 4 बच्चों और वैन ड्राइवर समेत 5 की मौत हो गई है. दोनों वाहनों में सवार कुल 15 बच्चे घायल हैं, इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे में घायल एक बच्चे ने चौंकाने वाली बात कही है. उसका कहना है बस ड्राइवर नहीं, बल्कि कोई और चला रहा था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है.
बदायूं जिले के उसावा इलाके के नवीगंज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. इसमें स्कूल बस और वैन तेज रफ्तार से जाते वक्त आपस में भिड़ गईं. इसमें 4 बच्चों और वैन ड्राइवर समेत 5 ने दम तोड़ दिया. दोनों वाहनों में सवार बच्चों में से 15 घायल हुए हैं. इसमें से पांच बच्चों की हालात बेहद नाजुक है. उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है. मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई गई है. घटना से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. डीएम मनोज कुमार सहित एसएसपी ओपी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का प्राथमिकता से उपचार करने के निर्देश दिए हैं.
घायल बच्चा बोला-ड्राइवर नहीं चला रहा था बस
घायल बच्चों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका कहना है कि ने बच्चे सुबह तैयार होकर स्कूल गए थे और जिस वैन और बस में सवार थे, उन दोनों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. वैन में कुल 20 बच्चे सवार थे, वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं. एक घायल बच्चे ने बताया कि बस का ड्राइवर बस नहीं चल रहा था. वह किसी और से बस चलवा रहा था. नया चालक बहुत ही गलत तरीके से बस चला रहा था जिससे यह हादसा हुआ है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
एम ने दुर्घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बदायूं में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के परिवार वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने जिला अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.