फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं, व्यापारियों में आक्रोश : तिल्दा नेवरा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मनोरंजन कम्प्यूटर दुकान जलकर खाक — लाखों का नुकसान
Ramesh Batra
Thu, Jul 10, 2025
तिल्दा नेवरा | नगर के तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर स्थित मनोरंजन कम्प्यूटर दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने दुकान में रखे लाखों रुपये के कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और जरूरी दस्तावेजों को चपेट में ले लिया। दुकान संचालक तरुण बत्रा ने आशंका जताई कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि यदि समय पर दमकल की व्यवस्था होती, तो नुकसान को टाला जा सकता था। लेकिन तिल्दा नेवरा में फायर ब्रिगेड की कोई स्थायी सुविधा नहीं है। हर बार की तरह इस बार भी पास के अडानी पावर प्लांट और बजरंग पावर प्लांट से दमकल की मदद ली गई, लेकिन जब तक सहायता पहुँची, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
इस घटना के बाद व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। व्यपारी संघ अध्यक्ष सुंदरलाल पंजवानी ने कहा कि फायर ब्रिगेड की स्थायी सुविधा के लिए पहले भी कई बार प्रशासन को लिखित आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं चेंबर उपाध्यक्ष राजेश सेतपाल ने चेतावनी दी है कि "यदि दो दिनों के भीतर प्रशासन से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला तो हम फिर से आवेदन देंगे, और अगर इस बार भी सुनवाई नहीं हुई तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।"
व्यापारी संघ ने मांग की है कि तिल्दा नेवरा जैसे तेजी से विकसित हो रहे नगर में तत्काल फायर ब्रिगेड की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन