पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार और दोनों एक्टिवा वाहन भी बरामद कर लि : अमानत में खयानत: भांजे ने मामा की लाखों की गाड़ियां हड़पी, नेवरा पुलिस ने दबोचा
Ramesh Batra
Tue, Jul 15, 2025
तिल्दा नेवरा: रिश्ते में भांजे ने ही मामा को लाखों का चूना लगा दिया। ट्रेवल्स का काम करने के बहाने दो कारें और दो एक्टिवा वाहन लेकर अभिजीत सिंह बघेल नामक युवक ने न तो उनका किराया दिया और न ही वाहनों की मासिक किस्तें चुकाईं। शिकायत मिलने पर नेवरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक कार और दोनों एक्टिवा वाहन बरामद किए हैं।
कोहका हाउसिंग बोर्ड निवासी अजीत पाल ने नेवरा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका भांजा अभिजीत सिंह बघेल (उम्र 28 वर्ष, निवासी पुजारी नगर, टिकरापारा, रायपुर) उनके घर आता-जाना करता था। लगभग डेढ़ साल पहले अभिजीत ने ट्रेवल्स का काम शुरू करने की बात कहकर अजीत पाल से उनकी वैगन आर कार क्रमांक CG04 पीपी 6865 और दूसरी कार क्रमांक CG04 पीजे 2757 ले ली। साथ ही, दो एक्टिवा वाहन क्रमांक CG04 पीजे 1751 और CG04 पीटी 2951 भी ट्रेवल्स के काम में लगाने के लिए ले लिए।
रिश्तेदारी के चलते अजीत पाल ने अभिजीत से कोई लिखित समझौता नहीं किया था। मौखिक रूप से यह तय हुआ था कि अभिजीत दोनों कारों का 10-10 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देगा और उनकी मासिक फाइनेंस किस्तें भी चुकाएगा। कारों की मासिक किस्तें क्रमशः 14,080 रुपये और 13,425 रुपये थीं। एक्टिवा वाहन क्रमांक CG04 पीटी 2951 की मासिक फाइनेंस किस्त 3,095 रुपये थी, जिसका भुगतान भी अभिजीत को करना था।
शुरुआत में कुछ महीने तक तो अभिजीत ने दोनों कारों की किस्तें चुकाईं, लेकिन उसके बाद उसने भुगतान करना बंद कर दिया। उसने एक्टिवा वाहनों की कोई भी किस्त नहीं चुकाई और न ही उनका किराया दिया। जब अजीत पाल ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो वह अपने घर पर नहीं मिला और न ही उसने वाहन वापस किए।
अजीत पाल की शिकायत के बाद, नेवरा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी अभिजीत सिंह बघेल को धारा 316 (3) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार और दोनों एक्टिवा वाहन भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन